नए शिक्षा सत्र की शुरुआत से पहले अक्षय पात्र संस्था ने राजस्थान के सरकारी स्कूलों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने की विशेष पहल शुरू की है। संस्था द्वारा प्रदेश के 11 जिलों के अनेक विद्यालयों में रंग-रोगन और व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिससे स्कूलों को नया कलेवर दिया जा रहा है। अक्षय पात्र संस्था अपने सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में हमेशा अग्रणी रही है। बेहतर समाज के निर्माण के उद्देश्य से संस्था समय-समय पर विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करती है। इसी क्रम में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विद्यालयों में कक्षाओं, दीवारों और पूरे परिसर का रंग-रोगन कर उन्हें नए सत्र के लिए तैयार किया जा रहा है। साफ-सुथरे स्कूल बच्चों के बेहतर भविष्य की पहली सीढ़ी संस्था के स्टाफ की ओर से स्कूलों में विशेष सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सकारात्मक शिक्षण वातावरण मिल सके। संस्था का मानना है कि "स्वच्छ और सुंदर विद्यालय ही बच्चों के बेहतर भविष्य की पहली सीढ़ी हैं।" अक्षय पात्र की इस पहल को स्थानीय ग्रामीणों, स्कूल स्टाफ और अभिभावकों ने सराहा है। उनका कहना है कि यह अभियान न केवल स्वच्छता को बढ़ावा देगा, बल्कि बच्चों में विद्यालय के प्रति सकारात्मक माहौल और सीखने की प्रेरणा भी बढ़ाएगा।