तालेड़ा क्षेत्र के अल्कोदिया गांव में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। 4 मई को कुत्तों के झुंड के हमले में 9 साल की बच्ची रिंकू भील की दर्दनाक मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। गुरुवार को भाजपा के पूर्व जिला प्रवक्ता अनिल जैन तालेड़ा पीड़ित परिवार के घर पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए 11 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी। साथ ही प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। पीड़ित परिवार से मिले, दी आर्थिक सहायता भाजपा के पूर्व जिला प्रवक्ता अनिल जैन तालेड़ा गुरुवार को अल्कोदिया गांव पहुंचे और मृत बालिका रिंकू भील के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बालिका के पिता बंशीलाल भील को 11 हजार रुपए की नकद सहायता प्रदान कर परिवार को ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताया और कहा कि प्रशासन की अनदेखी के कारण एक मासूम की जान चली गई। दो महीने में दूसरी घटना, फिर भी नहीं जागा प्रशासन अनिल जैन ने बताया कि पिछले दो महीनों में कुत्तों के काटने की यह दूसरी गंभीर घटना है। इससे पहले भी अल्कोदिया विद्यालय में सीतापुरा की एक बालिका पर कुत्तों ने हमला किया था। उस समय ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन कर आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की थी, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो नौ वर्षीय रिंकू की जान बचाई जा सकती थी। जैन ने कहा कि दो महीने बाद उसी स्थान पर उन्हीं कुत्तों ने फिर हमला किया और इस बार एक मासूम की जिंदगी छीन ली। कुत्तों को पकड़ने की मांग, आंदोलन की चेतावनी भाजपा नेता ने प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर क्षेत्र में घूम रहे आवारा कुत्तों को तुरंत पकड़ने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे बच्चों और महिलाओं में डर का माहौल बना हुआ है। कई भाजपा कार्यकर्ता रहे मौजूद इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता परशराम लोधा, प्रदीप जाट, उप सरपंच बनवारी बैरवा और रजत लोधा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और गांव में आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान की मांग उठाई।