राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर की ओर से 5 जुलाई को आयोजित लिपिक ग्रेड-II एवं कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 के दौरान कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। एक परीक्षार्थी की शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने संबंधित वीक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है। शिकायतकर्ता अक्षय कुमार यादव ने कलेक्टर को दिए परिवाद में बताया कि उसका परीक्षा केंद्र देवनारायण बालिका आवासीय विद्यालय, युसुफपुर चराई था। उसने कक्षा संख्या-3 में परीक्षा दी। आरोप है कि दोपहर 3:55 बजे से 4:05 बजे के बीच एक अन्य अध्यापक परीक्षा कक्ष में आया। उसने परीक्षार्थियों के प्रश्नपत्रों पर सवाल समझाने की कोशिश की। उत्तर बताने का प्रयास किया। शिकायत में कहा गया है कि उस समय कक्ष वीक्षक लक्ष्मण सिंह मीणा और राज शर्मा कमरे में मौजूद नहीं थे। परीक्षार्थी का कहना है कि उसने आपत्ति जताई। संबंधित अध्यापक कक्ष से बाहर निकल गया। बाद में वीक्षकों ने उसे समझाने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर विनोद कुमार ने संबंधित वीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि यदि परीक्षा कक्ष में इस तरह की गतिविधि हुई है तो यह परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण राजकीय कार्य के प्रति गंभीर लापरवाही है। उदासीनता का परिचायक है। संबंधित वीक्षक को तीन दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।