अलवर में खेत में बने 10 फीट गहरे फार्म पॉन्ड (हौद) में डूबने से दो मासूम दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। हौद में डूबते ही दोनों बच्चे 'बचाओ-बचाओ' चिल्लाने लगे, जबकि बाहर खड़े उनके 4 अन्य साथी ग्रामीणों को बुलाने के लिए दौड़े। ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उनकी सांसें थम चुकी थी। घटना थानागाजी क्षेत्र की ग्राम पंचायत द्वारापुर में रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए। पहले देखिए, हादसे से जुड़ी 4 PHOTO'S फार्म पॉन्ड पर पहुंचे थे 6 नाबालिग दोस्त गांव के रहने वाले रहीश खान बताया कि 6 दोस्त खेत में बने फार्म पॉन्ड पर पहुंचे थे। इनमें से चार बच्चे हौद के बाहर ही खड़े रहे और पानी में नहीं उतरे, जबकि 15 वर्षीय नरेंद्र प्रजापत पुत्र मुकेश प्रजापत और 13 वर्षीय गोलू बलाई पुत्र अशोक बलाई नहाने के लिए पानी में उतर गए। 10 फीट पानी भरा हुआ था, नहाने उतरे थे दोनों दोस्त खान ने बताया कि यह हौद किसान हरिराम ने खेतों की सिंचाई के लिए बनवाया था। हौद भले ही आधा भरा हुआ था, लेकिन उसमें करीब 10 फीट से अधिक गहराई तक पानी था। दोनों बच्चों को तैरना नहीं आता था और उन्होंने पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं लगाया। कुछ ही देर में वे गहरे पानी में डूबने लगे और बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगे। उन्होंने आगे बताया कि बाहर खड़े उनके 4 दोस्तों ने शोर मचाया और गांव की ओर दौड़कर ग्रामीणों को सूचना दी। लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल थानागाजी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दो मासूम दोस्तों की मौत से गांव में पसरा मातम गोलू के पिता अशोक बलाई गुरुग्राम में प्लंबर का काम करते हैं। सूचना मिलते ही वह गांव पहुंचे और बेटे के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। वहीं नरेंद्र के पिता मुकेश प्रजापत, जो मुंबई में टाइल मिस्त्री का काम करते हैं, उनके गांव पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। एक साथ दो मासूम दोस्तों की मौत से पूरे द्वारापुर गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले की जांच में जुटी पुलिस एसआई जसरत ने बताया कि अभी मामले की जांच कर रहे हैं। फिलहाल परिवार की तरफ से किसी प्रकार की रिपोर्ट नहीं दी गई है, रिपोर्ट मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।