अलवर शहर के ज्योतिबा फुले सर्किल पर बुधवार सुबह एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दो एंबुलेंस ड्राइवरों पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पुरानी रंजिश और मामूली कहासुनी को लेकर शराब की बोतल फोड़कर दोनों ड्राइवरों के गले पर ताबड़तोड़ वार किए। इससे दोनों लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से दोनों गंभीर घायलों को तत्काल अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां ट्रॉमा सेंटर में उनका इलाज जारी है। घायलों में से एक ड्राइवर की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पुरानी रंजिश में अचानक बोल दिया धावा घायल ड्राइवर उमाशंकर उर्फ पवन ने बताया- मैं और साथी करण बुधवार सुबह ज्योतिबा फुले सर्किल पर बैठे हुए थे। इसी दौरान रोहित नाम का युवक अपने कुछ दोस्तों के साथ आया। गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इससे पहले कि दोनों कुछ समझ पाते, आरोपी रोहित ने शराब की बोतल फोड़ी और सीधे उमाशंकर के गले पर मार दी। बीच-बचाव करने आए करण के गले पर भी कांच से वार कर दिया। एक की हालत नाजुक, पुलिस जांच में जुटी अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, उमाशंकर के गले पर गहरा घाव लगने और अत्यधिक खून बहने के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। करण का प्राथमिक उपचार कर उसकी निगरानी की जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मुख्य आरोपी रोहित और उसके साथियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।