दीपावली के पांच दिवसीय महापर्व की शुरुआत के साथ ही शुक्रवार को धनतेरस पर शहर के बाजारों में खरीदारी का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई, शाम ढलते ही दोपहर बाद बाजारों में खरीदारों की भीड़ देखी गई। शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानों के अंदर और बाहर ग्राहकों की भीड़ नजर आई। त्योहार की खुशियों और परंपरागत खरीदारी के उत्साह से पूरा बाजार गुलजार रहा। धनतेरस पर शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने की परंपरा के चलते लोगों ने अपनी जरूरत और सामर्थ्य के अनुसार जमकर खरीदारी की। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों में खरीदारी को लेकर काफी उत्साह दिखाई दिया। महिलाएं कपड़ों, साडिय़ों, आभूषणों और सौंदर्य प्रसाधनों की दुकानों पर पसंदीदा सामान खरीदती नजर आईं। वहीं बच्चे भी नए कपड़े, खिलौने और दीपावली से जुड़ी सजावटी वस्तुओं की खरीदारी को लेकर उत्साहित दिखाई दिए। शहर के सुभाष बाजार सहित प्रमुख बाजारों में सुबह से ही रौनक बनी रही। कपड़ा व्यापारियों, सर्राफा कारोबारियों, बर्तन विक्रेताओं, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही। दुकानदारों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया हुआ था। रंग-बिरंगी रोशनी और सजी हुई दुकानों ने बाजार की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। सुभाष बाजार समेत अन्य बाजारों में सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। ग्राहकों ने अपनी पसंद के अनुसार सोने-चांदी के आभूषणों के साथ पारंपरिक एवं आधुनिक डिजाइन के गहनों में रुचि दिखाई। धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने की परंपरा के चलते सर्राफा कारोबार में विशेष उत्साह नजर आया। बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों का कहना था कि दीपावली के अवसर पर नई वस्तुएं खरीदना शुभ माना जाता है। इसी परंपरा को निभाते हुए लोग अपने परिवार के साथ बाजार पहुंचकर खरीदारी कर रहे हैं। कई परिवारों ने दीपावली की तैयारियों के लिए एक साथ कपड़े, आभूषण, पूजन सामग्री और घर की सजावट का सामान खरीदा। धनतेरस के अवसर पर बाजारों में उमड़ी भीड़ ने व्यापारियों के चेहरों पर भी रौनक ला दी।