अलवर में भूमाफिया द्वारा जमीन कब्जाने का मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि भूमाफिया ने घर में आग लगा दी, हवाई फायरिंग की और परिवार के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, बंदूक की नोक पर जबरन एग्रीमेंट पर साइन करवा लिए। रविवार को भीम आर्मी और समाज के लोगों ने मालाखेड़ा थाने का घेराव किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नंगली राजावत गांव के रहने वाले मेहरा सिंह वाल्मीकि ने बताया- नेकीराम चौधरी (मालाखेड़ा निवासी) लंबे समय से उनकी करीब 5 बीघा जमीन पर कब्जा करने का दबाव बना रहा था। जब परिवार ने जमीन देने से इनकार किया, तो 15 अप्रैल की रात आरोपी कई गाड़ियों में गुंडों को लेकर गांव पहुंचा। आरोपियों ने घर में आग लगा दी, हवाई फायरिंग की और परिवार के साथ मारपीट की। पुलिस पर लापरवाही का आरोप मेहरा सिंह वाल्मीकि ने कहा- घटना के बाद भी आरोपी का आतंक जारी है। शनिवार रात को भी वह दोबारा आया और मारपीट करते हुए हवाई फायरिंग की। साथ ही धमकी दी कि पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती और कोई भी कार्रवाई नहीं होगी। घटना से आक्रोशित होकर रविवार दोपहर भीम आर्मी के कार्यकर्ता और समाज के लोग बड़ी संख्या में मालाखेड़ा थाने पहुंचे और घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग एडीएम के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि सबसे पहले पीड़ित परिवार को रहने के लिए तत्काल आवास उपलब्ध कराया जाए और खाने-पीने की व्यवस्था की जाए। साथ ही आरोपी भूमाफिया के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर परिवार को न्याय दिलाया जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो भीम आर्मी और समाज के लोग उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है, लेकिन अभी तक किसी ठोस कार्रवाई की पुष्टि नहीं हो पाई है।