अलवर में बाइक चोरी करने की कोशिश कर रहे एक चोर को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने चोर की लात-घूसों से जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। यह घटना सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर बस स्टैंड के पास स्थित शराब के ठेके के पास की है। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि चोर बाइक चुराने की कोशिश कर रहा था, तभी पीछे से कुछ लोगों ने उसे दबोच लिया और पिटाई शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस आरोपी के पुराने क्राइम रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है या नहीं। मास्टर चाबी लगाकर लॉक तोड़ने की कोशिश करने लगा स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि डीग जिले के घड़ी मेवात का निवासी काला पुत्र दीन मोहम्मद पहले शराब के ठेके के पास आकर खड़ा हुआ और काफी देर तक रेकी की। मौका मिलते ही वह बाइक के पास पहुंचा और मास्टर चाबी लगाकर लॉक तोड़ने की कोशिश करने लगा। लॉक झटकने की आवाज सुनकर पास ही खड़ा एक युवक चिल्लाते हुए दौड़ा और उसने आरोपी को दबोच लिया। तुरंत ही एक अन्य युवक ने भी आकर चोर को जमीन पर पटक लिया, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। चोरी की यह पूरी कोशिश और पकड़े जाने का घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। आरोपी के सिर से खून भी निकलने लगा लोगों ने पुलिस को बताया- गुस्साए लोगों ने आरोपी चोर की जमकर पिटाई की, जिससे उसके सिर से खून भी निकलने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पहले उसका प्राथमिक उपचार कराया। कोतवाली पुलिस का इस मामले में कहना है कि आरोपी युवक से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों से भी इसके रिकॉर्ड का मिलान कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी बड़े गिरोह का हिस्सा तो नहीं है।