अलवर में शादी के बाद दुल्हन जेवर लेकर भाग गई। उसकी मां और बहन-जीजा भी इसमें शामिल थे। उन्होंने शादी करवाने के लिए लड़के वालों से 3 लाख रुपए लिए थे। पड़ताल करने पर पता चला कि लड़की पहले से शादीशुदा थी। उसका एक बेटा भी है। मामला अलवर के अखैपुरा थाना इलाके करौली कुंड का है। मां और बहन-जीजा को दिए थे 3 लाख रुपए पीड़ित देवेन्द्र कुमार (25) निवासी करौली कुंड कच्ची बस्ती ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया कि वह कृषि उपज मंडी में गजानंद ट्रेडर्स की दुकान पर काम करता है। उसके साथ काम करने वाले सुरेंद्र गुर्जर ने उसकी शादी कराने की बात कही थी। तब दुकान पर आने वाले सुरेश दुधिया ने उसे शादी करवाने का झांसा दिया और इसके बदले 3 लाख रुपए की मांग की। 31 मार्च 2026 को करौली कुंड स्थित शिव मंदिर में उसकी शादी सीमा रानी नाम की युवती से करवा दी। शादी में सीमा की मां, बहन संतोष और जीजा बलकार सिंह मौजूद रहे। उन्होंने वैदिक रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया। शादी के बाद 3 लाख रुपए उन्हें दिए गए। शादी के बाद जेवर लेकर भागी पीड़ित ने बताया कि शादी के दो दिन बाद सीमा की बहन, जीजा और मां उसे ले गए और वापस नहीं भेजा। काफी कोशिश के बाद उसे वापस लेकर आए तो उसने भागने की कोशिश की। तब लड़की ने बताया कि उसकी बहन और जीजा ने पैसे के लिए उसकी शादी करवाई है। ये भी पता चला कि जिस लड़की से शादी करवाई गई, वो पहले से शादीशुदा है। उसका एक बच्चा भी है। इसके बाद लड़की भाग गई और चांदी के जेवर भी ले गई। जब फोन कर अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया। जांच अधिकारी एएसआई ओमप्रकाश ने कहा कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।