घर के बाहर खेल रहा 5 साल का बच्चा करंट से झुलस गया। बच्चे को ट्रांसफार्मर के बिजली तारों से झटका लगा और जमीन पर गिर गया। बच्चे को तिजारा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से अलवर रैफर किया गया। हादसा तिजारा थाना क्षेत्र के गांव ढाकपूरी गांव में रविवार शाम का है। ढाकपुरी गांव निवासी मुख़्तार का बेटा अयान घर के बाहर खेल रहा था। इस दौरान घर के पास लगे 11 हजार केवी के विद्युत ट्रांसफार्मर की अर्थिंग का तार जमीन पर खुला पड़ा हुआ था। खेलते-खेलते बच्चा तार के संपर्क में आ गया और करंट से झुलस गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण हादसा हुआ है। यदि समय रहते ट्रांसफार्मर की अर्थिंग को सही किया जाता तो ये हादसा नहीं होता। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।