अलवर में सील किए गए कोचिंग संस्थानों को दोबारा खोलने के लिए संचालकों को 10 से 20 लाख रुपए तक जमा कराने होंगे। नगर विकास न्यास (UIT) 300 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से जुर्माना वसूलने की शर्त पर अड़ा हुआ है। भारी भरकम जुर्माने को लेकर कोचिंग संचालकों में नाराजगी है, जबकि UIT का कहना है कि नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और निर्धारित राशि जमा होने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। दरअसल, अलवर शहर में कोचिंग संस्थानों पर लगी सील को लेकर यूआईटी (UIT) और नगर निगम के नियमों के फेर में पेंच फंस गया है। एक तरफ जहां नगर निगम क्षेत्र की सील बंद कोचिंग केवल 10 रुपए प्रति वर्गफीट जमा कराने के बाद खुल गई। लेकिन यूआईटी की ओर से सील की गई 8 कोचिंग से 300 रुपए प्रति वर्ग फीट जुर्माना देने की मांग की है। बिना मंजूरी के निर्माण है तो 500 रुपए प्रति वर्गफीट जुर्माना देना होगा। इस कारण कोचिंग संचालक बंद कोचिंग नहीं खुलवा सके हैं। अलवर में कोचिंग चला रहे केपी यादव व मौसम खान का कहना है कि यूआईटी की सील खुलवाने के लिए कोचिंग संचालकों को करीब 10 से 20 लाख रुपए तक जमा कराने होंगे। इतनी राशि पूरे साल में नहीं बच पा रही है। ऐसे में कैसे इतना पैसा जमा करा सकते हैं। इसके चलते कोचिंग संचालक इतनी बड़ी राशि देने से बच रहे हैं, जिसका सीधा खामियाजा वहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। नगर निगम और UIT के नियमों में जमीन-आसमान का अंतर नगर निगम ने महज 10 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से जुर्माना लेकर अपने क्षेत्र की अधिकतर कोचिंगों की सील खोल दी है। यूआईटी ने 300 रुपए प्रति वर्गफीट का जुर्माना तय किया है। अवैध निर्माण पर डबल मार कई कोचिंग संचालक तीन-तीन मंजिल की बिल्डिंग में चल रहे हैं। जिन्होंने बिना मंजूरी (Approval) के निर्माण किया है, उन्हें 500 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से जुर्माना भुगतना होगा। मंत्री के निर्देश पर नगर निगम ने सील हटा दी गौरतलब है कि बीते 24 जून को प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वाली कोचिंगों पर सील लगाने की बड़ी कार्रवाई की थी। कार्रवाई के अगले ही दिन वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने कोचिंग संचालकों को राहत देते हुए एक महीने का समय देने के निर्देश दिए थे। मंत्री के निर्देश के बाद नगर निगम ने तो अपने यहां से सील हटा दी, लेकिन यूआईटी अपने स्टैंड पर अड़ गई। एक दिन पहले ही यूआईटी सचिव ने साफ कर दिया कि नियमानुसार जुर्माना राशि जमा कराए बिना किसी भी सूरत में सील नहीं खोली जाएगी। छात्र और संचालक असमंजस में, पढ़ाई ठप यूआईटी की इस सख्ती के बाद अब तक 8 कोचिंगों की सील नहीं खुल सकी है। लाखों रुपए का जुर्माना सामने देख संचालक असमंजस में हैं कि वे क्या करें। वहीं दूसरी ओर, कोचिंग बंद होने से सैकड़ों विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है और उनकी पढ़ाई पूरी तरह ठप हो चुकी है। ---------------- मामले से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए… मंत्री के आदेश के बाद भी नहीं खुले कोचिंग सेंटर:3 दिन की छुट्टियों के चलते अटकी सील खोलने की प्रक्रिया, निगम-UIT की टीम ने किया था सील वन राज्य मंत्री संजय शर्मा के निर्देश के बावजूद सील किए गए कोचिंग सेंटर नहीं खुल सके। नगर निगम और UIT की टीम ने कार्रवाई करते हुए इन संस्थानों को सील किया था, लेकिन लगातार तीन दिन के सरकारी अवकाश के कारण ताले नहीं खोले जा सके। (पूरी खबर पढ़ें…) अलवर में नगर निगम ने 16 कोचिंग किए सील:कोचिंग संचालक और अधिकारी उलझे; दोनों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप लखनऊ में एक बिल्डिंग में भीषण आग लगने पर 15 लोगों की मौत के 3 दिन बाद अलवर नगर निगम प्रशासन चेता। नगर निगम का दस्ता शहर के नयाबास सर्किल पर बुधवार शाम को पहुंचा और 14 कोचिंग व लाइब्रेरी सील कर दी। कार्रवाई के बीच कुछ छात्र जल्दी से इधर-उधर निकलने लगे। किसी को कुछ समझ नहीं आया कि कोचिंग में क्या हो गया। (पूरी खबर पढ़ें…)