अलवर में अग्रसेन पुलिया के पास गौवंश के अवशेष मिलने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में बुधवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और सर्व हिंदू समाज की ओर से मौन जुलूस निकाला जाएगा। प्रदर्शनकारी प्रताप ऑडिटोरियम से सचिवालय गेट तक रैली निकालेंगे। विहिप का कहना है कि वह प्रशासन की जांच और कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है, जबकि पुलिस इस मामले में दो बार खुलासा कर चुकी है। मंगलवार देर रात जारी प्रेस नोट में एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जांच में सामने आया कि अवशेष वहां पहले से मौजूद नहीं थे, बल्कि कुत्तों द्वारा खींचकर लाए गए थे। हालांकि वे कहां से लाए गए, इसकी जांच अभी जारी है। इसके अलावा एफएसएल और मेडिकल रिपोर्ट में भी स्पष्ट हुआ है कि गौवंश के अवशेष किसी धारदार हथियार या नुकीली वस्तु से नहीं काटे गए हैं। इससे यह संकेत मिला कि मांस के टुकड़े कुत्तों द्वारा ही लाए गए थे। वहीं विहिप के प्रांत सह-प्रमुख प्रेम सिंह राजावत ने कहा कि संगठन पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं है, इसलिए विरोध प्रदर्शन कर गोवंश को न्याय दिलाने की मांग की जाएगी।