अलवर जिले में शादी का कार्ड देने जा रहे दो युवकों पर बोलेरो सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना दौसा हाईवे पर गोठ की चौकी-बल्लूपुरा के बीच रेलवे अंडरपास के पास शनिवार शाम की है। जब रैणी क्षेत्र के खरखड़ा निवासी रामौतार मीणा अपने साथी राजेश मीणा के साथ शादी का कार्ड देने जा रहे थे। इसी दौरान रामौतार रास्ते में बाथरूम के लिए उतरा, तभी पीछे से बोलेरो में सवार करीब 8 बदमाश मौके पर पहुंचे और हमला कर दिया। हमले में रामौतार को बदमाशों ने लात-घुसों से पटक-पटककर पीटा और फिर फरार हो गए। रामौतार के पैर और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में चल रहा इलाज घायल युवक का साथी सड़क पर इधर-उधर चिल्लाया तो कुछ लोगों की मदद से घायल को राजगढ़ हॉस्पिटल ले जाया गया, वहां से डॉक्टरों ने अलवर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हालांकि अभी तक बदमाशों का पता नहीं लग सका है। हमले में घायल युवकों ने कहा कि बदमाशों ने भागते समय फायरिंग भी की थी। घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायल से जानकारी जुटाई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।