अलवर शहर में दिल्ली दरवाजा के पास बलजी राठौर की गली में गंदा पानी आने पर आमजन ने विरोध जताया। करीब 8 महीनों से बीच-बीच में गंदा व काला पानी आ रहा है। जिसकी शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने वीडियो बनाकर अधिकारियों को भेजा है। उसके बाद भी साफ पानी नहीं आ सका है। यहां फ्लैट में रहने वाले लोगों का कहना है कि जलदाय विभाग के अधिकारियों को भी सूचना दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित नरेंद्र जैन ने बताया कि 8 महीने से कीचड़ वाला गंदा बदबूदार पानी आ रहा है। आमजन दूषित पानी पीने को मजबूर है। जिससे बीमार होने का डर है। कुछ लोग बीमार भी हुए हैं। पम्प ड्राइवर व जलदाय विभाग के अधिकारियों को शिकायत कर चुके हैं। लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। यहां के लोगों का कहना है कि उनके पडोस में मित्तल स्कूल वाली लाइन में सही पानी आता है। वहां जरूरत से ज्यादा सप्लाई भी होती है। यहां न पूरा पानी आता है न साफ। अब ज्यादा ही गंदा आने लगा तो विरोध करना पड़ा।