अलवर जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक में उस वक्त अलग ही नजारा देखने को मिला, जब पार्षद जगदीश जाटव कंधे पर खाली गैस सिलेंडर उठाकर पहुंच गए। उनके इस अनोखे अंदाज ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया और चर्चा का विषय बन गया। पार्षद ने ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का आरोप लगाया। वहीं, जिला प्रमुख ने भी हल्के-फुल्के अंदाज में बयान देते हुए कहा कि किसी भी अधिकारी या सदस्य की शादी या जन्मदिन हो तो इसकी जानकारी दी जाए, प्रशासन उनकी खुशी के मौके पर सम्मान करेगा। घटना ने बैठक को कुछ देर के लिए रोचक बना दिया और माहौल में अलग ही रंग घोल दिया। पार्षद ने ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए कहा कि आम लोगों को समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को शादी-ब्याह जैसे आयोजनों में भी गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्षद ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि ग्रामीणों को ही गैस नहीं मिलेगी तो उनके सामाजिक कार्यक्रम कैसे पूरे होंगे। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। वहीं, बैठक में जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर ने कहा कि किसी भी अधिकारी या सदस्य के यहां शादी या जन्मदिन हो तो जानकारी दें, उनका सम्मान भी किया जाएगा। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और कोरम पूरा किया गया।