अलवर में बच्चों के बीच हुए विवाद ने एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का रूप ले लिया। आरोपियों ने एक ही परिवार के घर में सो रहे लोगों पर कुल्हाड़ी और लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें महिला समेत चार लोग घायल हो गए। घटना शहर के वैशाली नगर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे की है। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। शाम को हुआ था बच्चों का विवाद, रात को बुलाए बदमाश जानकारी के अनुसार, गंज खेड़ली निवासी राज और संचैत के परिवार के बीच शुक्रवार शाम को बच्चों की किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उस समय तो आस-पास के लोगों ने मामला शांत करा दिया था। आरोप है कि इसके बाद संचैत ने रंजिश रखते हुए गंज खेड़ली से अपने कुछ अन्य साथियों को हथियारों के साथ बुला लिया। सोते समय किया ताबड़तोड़ हमला देर रात करीब 11 बजे जब राज और उसका परिवार घर में सो रहा था, तभी संचैत अपने साथियों के साथ वहां आ धमका। आरोपियों ने सोते हुए परिवार पर कुल्हाड़ी और लाठियों से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। अचानक हुए इस हमले से चीख-पुकार मच गई। हमले में इकबाल, उसका भाई राज, राज की पत्नी शबनम और उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है।