अलवर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विकास कार्यों के लोकार्पण के लिए आने से पहले अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 15 मई को करीब 1 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण के लिए आएंगे। उनके साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी रहेंगे। इससे पहले अलवर के बुर्जा और रेलवे स्टेशन पर नगर निगम ने कार्रवाई की। नगर निगम ने बुधवार को अलवर रेलवे जंक्शन के पास मुख्य रोड पर लगने वाले मछली मार्केट को पहली बार पूरी तरह से हटा दिया है। यहां छोटी दुकानें और अस्थायी निर्माण को नगर निगम की टीम ने साफ कर दिया। कुछ सामान भी जब्त किया गया। कुछ दुकानदारों ने खुद ही अपना सामान समेट लिया। इस कार्रवाई को लेकर दुकानदारों ने विरोध भी जताया। उन्होंने कहा- अब हम कहां जाएंगे। बिना नोटिस कार्रवाई का आरोप दुकानदारों ने विरोध जताते हुए कहा- बिना नोटिस दिए नगर निगम की टीम पहुंची और सामान जब्त कर लिया। जबकि हर महीने नगर निगम में 350 रुपए शुल्क जमा कराते हैं। मछली मार्केट के दुकानदार कश्मीर सिंह, गोगा सिंह ने कहा- तीन पीढ़ी से मछली मार्केट में दुकान चलाते हैं। नाले के ऊपर दुकान है। हर महीने 300 रुपए शुल्क लेते हैं। गोगा सिंह ने कहा- हमें स्थायी जगह नहीं दी जाती है। मनचाहे जब हटाने आ जाते हैं। एक दुकानदार ने कहा- हमें नोटिस तक नहीं दिया गया। उसके बावजूद दुकानें हटा दी। गरीबों की कोई सुनता नहीं है। एक बार अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया जाना चाहिए था। यहां करीब 15 दुकानें हैं। पैदल चलने वालों को मिलेगी जगह नगर निगम अतिक्रमण प्रभारी निशा लखानी ने कहा- रेलवे स्टेशन के पास मछली मार्केट और अस्थायी ठेलों को हटाया है। ताकि पैदल चलने वालों को पूरी जगह मिल सके। बाकी अन्य जगहों पर भी अतिक्रमण हटाया जाएगा।