अलवर शहर के एक सरकारी कार्यालय की महिला सफाई कर्मचारी ने उसी विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटर पर धोकाधड़ी कर जेवर हड़पने और वापस देने के नाम पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई हैं। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2019 में पति की गंभीर बीमारी के इलाज के लिए पैसों की आवश्यकता होने पर आरोपी ने महिला को गोल्ड लोन दिलाने का झांसा दिया। इसके तहत महिला के सोने के जेवर एक फाइनेंस बैंक में गिरवी रखवाकर करीब 20 हजार रुपये का लोन दिलवाया गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी हर महीने महिला के घर जाकर 300 रुपये नकद ब्याज के रूप में वसूलता रहा, जो मार्च 2025 तक चलता रहा। पीड़िता ने बताया कि अप्रैल 2025 में जब उसने अपने गहने वापस लेने की बात कही तो आरोपी ने 85 हजार रुपये जमा कराने की मांग की। संदेह होने पर जब महिला अपने परिचित के साथ संबंधित फाइनेंस कंपनी पहुंची, तो पता चला कि लोन पहले ही बंद हो चुका है और गहने निकाले जा चुके हैं। आरोप है कि आरोपी ने धोखाधड़ी कर गहनों को अपने कब्जे में ले लिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया और कहा की मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाओं तो गहने वापस कर सकता हूं जिसके बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई हैं।