उदयपुर में एक राशन ​डीलर ने गेहूं बांटने में 54.71 क्विंटल यानी करीब 108 बोरी गेहूं का गबन कर लिया। जिला रसद विभाग की प्रवर्तन अधिकारी डॉ निशा मूंदड़ा ने बारापाल तहसील की खजूरी पंचायत में डीलर भैंरूलाल गमेती के खिलाफ गोवर्धन विलास थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं गबन की पुष्टि होने के बाद आरोपी का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। जिला रसद अधिकारी मणि खींची ने बताया- स्थानीय सरपंच से मिली शिकायत के बाद हमने जांच की। जांच में पोश मशीन में 163.50 क्विंटल गेहूं दर्ज था, लेकिन मौके पर 108.79 क्विंटल गेहूं ही पाया गया। जांच में 54.71 क्विंटल गेहूं कम मिला। इस संबंध में जब डीलर भैंरूलाल गमेती से सवाल किया तो वह स्पष्ट जबाव नहीं दे पाया। जिला रसद अधिकारी मणि खींची ने बताया- एक किलो गेहूं 29.80 रुपए के हिसाब से 54.71 क्विंटल के 1 लाख 63 हजार डीलर भैंरूलाल गमेती से वसूले जाएंगे। इधर, मामला दर्ज होते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अफसर के निरीक्षण में सेंटर से गायब मिला था गेहूं प्रवर्तन अधिकारी डॉ निशा मूंदड़ा ने बताया- आरोपी भैंरूलाल की दुकान के दो सेंटर हैं। जब मैं जांच के लिए पहले सेंटर पर पहुंची तो गेहूं कम मिला। मैंने उससे जवाब मांगा तो वह बोला कि बाकी गेहूं दूसरे सेंटर पर है। जब मैं दूसरे सेंटर पर गई तो वहां मुझे सिर्फ एक या आधा क्विंटल गेहूं बिखरा हुआ मिला। बाकी गेहूं गायब था। विभागीय जांच में गबन की पुष्टि होने के बाद आरोपी का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। वंचित उपभोक्ताओं को दूसरे राशन डीलर से बांटा गेहूं डॉ निशा मूंदड़ा ने बताया- इस क्षेत्र के जिन उपभोक्ताओं को गेहूं नहीं बांटा गया। उन्हें पास के राशन डीलर द्वारा गेहूं बांटा गया। थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। इसमें बताया कि आरोपी राशन डीलर भैंरूलाल ने योग्य लाभार्थियों को समय पर गेहूं नहीं बांटकर 54.71 क्विंटल गेहूं निजी लाभ के काम ​में लिया। आरोपी ने यह फर्जीवाड़ा करते हुए कालाबाजारी की।