अलवर में टाइगर के हमले के महज दो दिन बाद अब हाजीपुर डढीकर में जरख(हाइना) ने खेत में चारा काट रही एक महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला के दोनों हाथ और होंठ गंभीर रूप से जख्मी हो गए। ग्रामीणों ने आनन-फानन में गंभीर हालत में महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। तीन दिन में वन्यजीव के हमले की यह दूसरी घटना है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पीछे से किया हमला, चीख सुनकर दौड़े ग्रामीण महिला के भतीजे ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे सदर रेंज के हाजीपुर डढीकर गांव की रहने वाली मेवा देवी अपने मवेशियों के लिए खेत में चारा काटने गई थी। जब वह खेत में काम कर रही थी, तभी अचानक एक जरख (सियार) झाड़ियों से निकलकर आया और सीधे उस पर हमला कर दिया। सियार ने महिला को संभलने का मौका तक नहीं दिया और उनके दोनों हाथों और होंठ को बुरी तरह चबा डाला। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख जरख महिला को लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग निकला। दो दिन पहले टाइगर ने युवक को किया था जख्मी इलाके में तीन दिन के भीतर यह दूसरा वन्यजीव हमला है। इससे पहले बुधवार को ही नारायणपुर के तुलसीवाला गांव में एक टाइगर ने 28 वर्षीय युवक खुशीराम पर अटैक कर दिया था। टाइगर के हमले में खुशीराम के हाथ पर गहरे घाव हुए थे, जिसका पिछले दो दिनों से जिला अस्पताल अलवर में इलाज जारी है। इस घटना के ठीक दो दिन बाद शुक्रवार सुबह हाजीपुर में जरख के हमले से ग्रामीण अब घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं।