अलवर में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर निकलने वाली ध्वज यात्रा में लव जिहाद की झांकी सहित कई झांकियां सजाई जाएंगी। अलवर में 7 अप्रैल को यह 12वीं हनुमान ध्वज यात्रा निकाली जाएगी। वहीं यात्रा शुरू होने से पहले अग्रसेन वाली मंडी परिसर में धर्मसभा का आयोजन होगा। इसमें संत समाज द्वारा विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विचार रखे जाएंगे। धर्मसभा में गो तस्करी, गो हत्या जैसे विषयों के साथ-साथ अन्य सामाजिक विषयों पर चर्चा की जाएगी। समिति के संयोजक प्रेम राजावत ने बताया- धर्मसभा के बाद दोपहर करीब 4 बजे अग्रसेन वाली मंडी स्थित शिव मंदिर से ध्वज यात्रा की शुरुआत होगी। इस दौरान करीब 10 हजार श्रद्धालु भगवा वेशभूषा में शामिल होंगे। सभी श्रद्धालु हाथों में 2100 भगवा ध्वज लेकर चलेंगे। इससे पूरा माहौल भगवामय नजर आएगा। यात्रा में करीब 20 डीजे भी शामिल रहेंगे, जिन पर भगवा सांग और धार्मिक भजनों की धुनों पर श्रद्धालु नाचते-गाते आगे बढ़ेंगे। ये झांकियां सजेंगी ध्वज यात्रा में इस बार विशेष झांकियों का भी आयोजन किया जाएगा। कुल 6 आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी, जिनमें भगवान राम का दरबार, हनुमान जी द्वारा संजीवनी लाने की झांकी प्रमुख आकर्षण रहेंगी। इसके अलावा पहली बार लव जिहाद को लेकर भी झांकी तैयार की गई है। झांकियों के साथ साधु-संत भी मौजूद रहेंगे, जो श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे। समिति के संयोजक प्रेम राजावत ने बताया कि 12वीं हनुमान ध्वज यात्रा मंडी परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों होप सर्कस, ज्योति बाफुले, नया बास से गुजरते हुए मोतडूंगरी हनुमान मंदिर परिसर में पहुंचेगी। यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे।