अलवर शहर के केडलगंज से बगीची वाले हनुमान जी मंदिर के लिए शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा घंटाघर, होप सर्कस और कंट्रोल रूम होते हुए करीब 20 किलोमीटर पैदल तय करेगी और शाम लगभग साढ़े 4 बजे मंदिर पहुंचेगी। यात्रा में 551 श्रद्धालु हाथों में ध्वज लेकर “जय श्रीराम” के नारे लगाते हुए शामिल हैं। शोभायात्रा में अलग-अलग झांकियां शामिल हैं। सबसे आगे गणेश जी की झांकी, उसके बाद नाव से पानी पार करते राम-लक्ष्मण की झांकी दिखाई गई। बीच में मोटू-पतलू और गोरिल्ला की वेशभूषा में कलाकार भी हैं, जिन्हें बच्चे देख रहे हैं। आगे शिव अघोरी झांकी है, जिसमें कलाकार शिव भजनों पर चलते हुए नजर आ रहे हैं। इसके बाद अशोक वाटिका में बैठी माता सीता और वहां पहुंचे हनुमान जी की झांकी है। राम दरबार की झांकी में राम-सीता सिंहासन पर और लक्ष्मण व हनुमान नीचे बैठे दिखाए गए हैं। अंत में हनुमान जी का सजा हुआ दरबार रखा गया है। देखे यात्रा से जुड़े PHOTOS… समिति के राजकुमार गोयल के अनुसार, यात्रा गायत्री मंदिर रोड, घोड़ाफेर और ढाई पेडी मार्ग से होकर जाएगी। इसमें ताशा पार्टी, डीजे, ढोल, बैंड और पुष्प वर्षा जैसे आयोजन शामिल हैं। यात्रा में शामिल लोगों के लिए रास्ते में करीब 40 जगह जलपान की व्यवस्था की गई है।