अलवर जिले में तेज गर्मी का असर अब साफ तौर पर नजर आने लगा है। पिछले कई दिनों से दिन के समय गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह सूरज निकलते ही तेज धूप के कारण तापमान तेजी से बढ़ जाता है और गर्मी का अहसास भी काफी तेज हो जाता है। गर्मी के चलते स्कूल, कोचिंग और कॉलेज जाने वाले छात्र सिर पर तौलिया डालकर घर से निकल रहे हैं। वहीं राहगीर धूप से बचने के लिए पेड़ों की छांव तलाशते नजर आ रहे हैं। कई लोग छाता लेकर भी बाहर निकल रहे हैं ताकि तेज धूप से बचाव किया जा सके। देखे PHOTOS.. मौसम विभाग ने भी चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि फिलहाल मौसम साफ रहेगा, लेकिन तेज गर्मी बनी रहेगी। साथ ही अगले तीन दिनों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। दरअसल, पिछले करीब 10 दिनों से अलवर में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। कभी तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है तो कभी 41 डिग्री तक दर्ज किया जा रहा है। आगामी दिनों में हीटवेव के चलते तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। तेज गर्मी के कारण लोगों की दिनचर्या पर भी असर पड़ा है। दफ्तर जाने वाले लोग अब सुबह जल्दी घर से निकलना शुरू कर रहे हैं, क्योंकि सुबह से ही गर्मी का असर महसूस होने लगता है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया था और शुक्रवार को भी तापमान इसी के आसपास रहने की संभावना है। हालात को देखते हुए आने वाले दिनों में स्कूलों के समय में भी बदलाव किया जा सकता है, ताकि बच्चों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके।