अलवर जिला अस्पताल में कलेक्टर के निर्देश के बाद नगर निगम की टीम ने आवारा कुत्तों को पकड़ने का अभियान शुरू कर दिया है। सोमवार को टीम ने अस्पताल परिसर और अंदर की गैलरियों से कुत्तों को घेर-घेर कर पकड़ा। सुबह करीब 11 बजे तीन कुत्तों को पकड़ा गया, जबकि दोपहर बाद चार और कुत्तों को रेस्क्यू किया गया। इसके बाद टीम जनाना और शिशु अस्पताल भी पहुंची, जहां जाल बिछाकर कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई की गई। पकड़े गए कुत्तों को निर्धारित स्थान पर छोड़ा जाएगा। निगम कर्मचारी धर्मसिंह गुर्जर ने बताया कि कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। अब तक अस्पताल परिसर से 7 कुत्तों को पकड़ा जा चुका है, जो वार्डों तक घूम रहे थे और मरीजों व परिजनों के लिए खतरा बने हुए थे। दरअसल, सोमवार सुबह कलेक्टर ने जिला अस्पताल, जनाना और शिशु अस्पताल का निरीक्षण किया था। इस दौरान मरीजों के परिजनों ने वार्डों में कुत्तों के घूमने और शराबियों के घुसने की शिकायत की थी। शिकायत के बाद कलेक्टर ने तुरंत नगर निगम कमिश्नर सोहन सिंह नरूका को कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद निगम की टीम मौके पर पहुंचकर अभियान चला रही है।