राजस्थान रोडवेज की अलवर से जोधपुर के लिए शुरू की गई AC बसों को केवल 3 दिन में ही बंद कर दिया गया है। विभाग ने इस रूट पर आय नहीं होना, बंद करने का कारण बताया है। वहीं बीजेपी नेता का कहना है कि किसी भी रूट पर बस को जमने में टाइम लगेगा। ऐसे में केवल 3 दिन (4 अप्रैल) में ही ऐसा फैसला लेना, जल्दबाजी दिखाता है। बता दें कि अलवर से 1 अप्रैल को 6 नई 2×2 एसी बसों को शुरू किया गया था, जिसमें से जोधपुर रूट की 2 बसों को बंद कर दिया गया है। अब ये दोनों बसें जयपुर रूट पर चलेगी। आय नहीं होने पर किया बंद मुख्य प्रबंधक कुलदीप शर्मा ने बताया कि जोधपुर के लिए बंद की गई बसों को सोमवार से जयपुर रूट पर सुबह 6 बजे से चलाया जा रहा है। बाकी चार बसें दो सावरिया सेठ और दो दिल्ली रूट पर पहले की तरह चल रही हैं। जोधपुर रूट पर इस बस में पुरुषों का किराया 900 रुपए रखा गया था, जबकि महिलाओं को 50 प्रतिशत छूट दी जा रही थी। विभाग को इस रूट पर पर्याप्त यात्री नहीं मिल रहे थे, जिससे इनकम नहीं हो पा रही थी। इस वजह से जोधपुर रूट पर बसों को बंद कर दिया गया है। नेता बोले- जल्दबाजी में लिया फैसला भाजपा नेता तिलक राज शर्मा का कहना है कि विभाग ने जल्दबाजी में फैसला लिया है। उनका मानना है कि किसी भी नए रूट को जमने में समय लगता है, इसलिए कम से कम एक महीने तक संचालन जारी रखना चाहिए था, ताकि यात्रियों को इसकी जानकारी मिल सकें।