अलवर में 15 मई को रेलवे मंत्री के आने से पहले बुधवार को DRM रवि जैन अलवर जंक्शन पर पहुंचे। उनके आगमन से पहले की तैयारियों को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। अलवर में रेलवे के 111 करोड़ रुपए के विकास के कार्य जारी है। इसे लेकर डीआरम ने पूरे रेलवे जंक्शन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर करीब 111 करोड़ रुपए की लागत से अलग-अलग आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इनमें अत्याधुनिक एस्केलेटर, फुटओवर ब्रिज, दोनों प्लेटफॉर्म पर लिफ्ट सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का निर्माण शामिल है। रेलवे की ओर से इन कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है। बताया जा रहा है कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव अपने दौरे के दौरान इन विकास कार्यों का लोकार्पण कर सकते हैं। निरीक्षण के समय रेलवे के प्रशासनिक अधिकारी भी डीआरएम के साथ मौजूद रहे। गौरतलब है कि इसी दिन राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भी अलवर दौरा प्रस्तावित है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव सहित प्रदेश स्तर के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।