अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित कामधेनू मिनरल्स फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह फैक्ट्री परिसर में खेल रहे 4 वर्षीय मासूम को दूध सप्लाई करने आए एक बाइक सवार ने कुचल दिया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तुरंत ईएसआई अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर अलवर जिला अस्पताल लेकर आए। लेकिन यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सफेद चादर ओढ़कर लेटा था मासूम, दूधवाला देख नहीं पाया पुलिस के मुताबिक, बिहार के नवादा निवासी मिथिलेश चौहान अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ इसी फैक्ट्री में मजदूरी करता है। तीन बेटियों के बीच 4 वर्षीय मनजीत उसका इकलौता बेटा था। शुक्रवार सुबह मनजीत फैक्ट्री परिसर में एक सफेद चादर ओढ़कर लेटा हुआ था। इसी दौरान फैक्ट्री में दूध की सप्लाई देने एक बाइक सवार आया। चादर में लिपटे होने के कारण बाइक चालक मासूम को देख नहीं पाया और लापरवाही से बाइक उसके ऊपर चढ़ा दी। पिता कल ही गांव गए थे, पीछे से टूट पड़ा दुखों का पहाड़ परिजनों ने बताया कि मृत बच्चे का पिता मिथिलेश गुरुवार को ही किसी जरूरी काम से बिहार स्थित अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हुआ था। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जिसे ढांढस बंधाने वाला भी कोई नहीं है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके और अस्पताल पहुंची थी। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। उद्योग नगर थाना पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के अनुसार जांच करेगी।