अलवर में बिजली लाइन का काम करते समय जमीन से खंभे के उखड़कर लाइनमैन पर गिरने से उसकी मौत हो गई। यह हादसा अरावली विहार थाना क्षेत्र में सामोला चौक के पास गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। हादसे में प्राइवेट लाइनमैन राजेश (31) की मौके पर ही मौत हो गई। वह खुदनपुरी का निवासी था और वर्ष 2022 से बिजली विभाग में कार्यरत था। राजेश के दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। वहीं परिजन और ग्रामीण अस्पताल के मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए। परिजनों ने राजेश की पत्नी को 50 लाख मुआवजा और उसे सरकारी नौकरी देने की मांग की। मामले में खुदनपुरी के पार्षद प्रतिनिधि रिंकू जाटव ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। पहले देखें PHOTOS… 50 लाख रुपए और पत्नी को नौकरी की मांग खुदनपुरी के पार्षद प्रतिनिधि रिंकू जाटव ने बताया- राजेश बिजली विभाग में प्राइवेट कर्मचारी के तौर पर हेल्पर पद पर काम करता था। उसका काम केवल उपकरण (इक्विपमेंट्स) उपलब्ध कराना था। ऐसे में उसे जर्जर और कमजोर खंभे पर चढ़ाना सीधे तौर पर विभाग की बड़ी लापरवाही है। उन्होंने कहा- अगर सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी बिजली विभाग का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे परिजनों और ग्रामीणों में अधिक नाराजगी है। गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने जिला अस्पताल के मुख्य गेट के सामने सड़क जाम कर दी है और धरने पर बैठे गए। उनकी मांग है कि मृतक के परिवार को 50 लाख करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए और राजेश की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए। फिलहाल करीब आधा घंटा धरना चलने के बाद रास्ता खोल दिया गया है। मौके पर बिजली विभाग के कर्मचारी भी पहुंच चुके हैं। इनसे परिजनों की बातचीत चल रही है। इस दौरान मौके पर कोतवाली और अरावली विहार थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद है।