अलवर में शनिवार को कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ की बैठक में पूर्व मंत्री ममता भूपेश और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। रिफाइनरी को लेकर टीकाराम जूली ने कहा कि पहले जो आग लगी थी, उसका खुलासा तो हुआ नहीं। अब फिर उद्घाटन करने आ गए। जूली ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी का अधिकांश काम कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुआ था। इसकी आधारशिला तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के समय रखी गई थी। जीएसटी विभाग के अधिकारी के घर डकैती का किया जिक्र वहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान आए हैं, लेकिन उन्हें प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने अलवर में जीएसटी विभाग के एक अधिकारी के घर हुई डकैती का जिक्र करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। जूली ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने पहले राजस्थान में पेट्रोल-डीजल की कीमतें हरियाणा के बराबर करने और ईआरसीपी परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने का वादा किया था, लेकिन वे पूरे नहीं हुए। पूर्व मंत्री बोले- सरकार पंचायत चुनाव नहीं कराना चाहती पूर्व मंत्री ममता भूपेश ने पंचायती राज चुनाव पर बात करते हुए कि राज्य सरकार चुनाव नहीं करा रही है, जबकि यह आम जनता का लोकतांत्रिक अधिकार है। उनका कहना था कि प्रदेश की जनता का सरकार से विश्वास उठ चुका है। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अपराध पहले भी होते थे, लेकिन उस समय सरकार गंभीर रहती थी। वर्तमान सरकार कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर दौरे कर रही है और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। वहीं भाजपा कार्यकर्ता हताश हैं।