अलवर में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार सुबह से ही अलवर शहर समेत जिलेभर में घने और बारिश वाले बादल छाए रहे। कई क्षेत्रों में सुबह से रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया, जबकि सरिस्का और नटनी का बारा क्षेत्र में अच्छी बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली है। बादल शहर के पास अरावली के पहाड़ों से नीचे आ गए हैं। रूपारेल नदी में आएगा पानी बारिश के चलते रूपारेल नदी में पानी की आवक होने की संभावना बढ़ गई है। यदि सरिस्का के कैचमेंट क्षेत्र में अच्छी बारिश का सिलसिला जारी रहा तो जयसमंद बांध, जो फिलहाल पूरी तरह सूखा पड़ा है, उसमें भी पानी पहुंच सकता है। साथ ही जिले के नदी-नालों में भी बहाव शुरू होने की उम्मीद है। मौसम सुहावना होने के कारण बड़ी संख्या में लोग पर्यटन स्थलों और नदी-नालों वाले क्षेत्रों की ओर भी रुख कर रहे हैं। अधिकतम तापमान 5 डिग्री तक गिरा पिछले तीन दिनों से जिले में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। सोमवार को कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई थी, जबकि मंगलवार को पूरे दिन घने बादल छाए रहे और जिले के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बादलों और बारिश के कारण दिन का अधिकतम तापमान घटकर करीब 32 डिग्री सेल्सियस रह गया, जो तीन दिन पहले करीब 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था। इससे मौसम में लगभग 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। 27 जुलाई तक बारिश की संभावना भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अलवर जिले के लिए 22 से 27 जुलाई तक गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 34 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।