बुजुर्ग पेंशनर बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे मिनी सिचवालय के बाहर अरावली विहार थानेदार से उलझ गए। पेंशनर चिकित्सा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मिनी सचिवालय के अंदर जाना चाहते थे। लेकिन पुलिस ने उनको गेट पर रोक दिया। उसके बाद खूब नारेबाजी की। पेंशनर्स ने कहा कि RGHS योजना के तहत उनको इलाज व दवाएं मिलना बंद हो गई है। यह चिकित्सा मंत्री की नाकामी है। राजस्थान पेंशनर समाज जिला शाखा अलवर के मंत्री अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नाम पेंशनर्स कलेक्टर को ज्ञापन देने आए हैं। यह योजना 2021 में लागू की। पेंशनर्स ने अपने वेतन से कटौती कराई थी। इस सरकार के समय पेंशनर्स की दवाएं व इलाज बंद कर दी है। जिसका पेंशनर में भारी विरोध है। सरकार को वेतन पर आयकर दिया है। एक तरफ सरकार फ्री दवा व राशन देती है। लेकिन दूसरी तरफ पेंशनर के इलाज व दवा को बंद कर दिया गया है। पूरे प्रदेश में आरजीएचएस योजना के तहत पेंशनर्स को इलाज दिया जाना चाहिए। पेंशनर दिलीप कुमार ने कहा कि पूर्व सरकार ने आरजीएचएस की योजना शुरू की। लेकिन मौजूदा सरकार में यह योजना अच्छे से नहीं चल रही है। आए दिन दवाएं बंद कर दी जाती हैं। इस योजना के तहत अब पूरी तरह इलाज बंद कर दिया है। जिसके लिए पेंशनर्स एकत्रित हुए हैं। सबकी एक ही मांग है कि दवा व इलाज चालू रहे। अलवर शहर व आसपास के पेंशनर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देने के लिए एकत्रित हुए।