अलवर शहर के हनुमान सर्किल स्थित जेएस फोर व्हीलर कंपनी के गेट के पास मंगलवार शाम को दर्दनाक हादसा हो गया। पिकअप पर बॉडी चढ़ाते समय संतुलन बिगड़ने से ड्राइवर उसके नीचे दब गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रामगढ़ निवासी मोनू नायक (35) ने करीब 15 दिन पहले अपनी पिकअप मरम्मत के लिए जेएस फोर व्हीलर कंपनी में दी थी। मंगलवार को कंपनी से काम पूरा होने की सूचना मिलने पर वह 4-5 साथियों के साथ पिकअप लेने पहुंचा था। इसी दौरान कंपनी परिसर के बाहर पिकअप पर बॉडी लगाने की तैयारी चल रही थी। अचानक तेज बारिश शुरू होने के कारण सामान संभालने की हड़बड़ी में भारी-भरकम बॉडी का संतुलन बिगड़ गया और वह मोनू के ऊपर जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। साथियों ने तुरंत मोनू को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।