अलवर जिले के अरावली विहार थाना पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई करते हुए जहां करीब 5 करोड़ रुपए के एनआई एक्ट मामलों में फरार चल रहे वारंटी को भोपाल से गिरफ्तार किया, वहीं ऑपरेशन साइबर संग्राम अभियान 2.0 के तहत 16 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया। SHO रामेश्वर ने बताया कि वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए मोतीलाल भार्गव को भोपाल के निशांतपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी वर्ष 2015 से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ एनआई एक्ट के 15 स्थाई वारंट व कोतवाली थाने में 8 वारंट लंबित थे। पुलिस ने मौके से दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। इसी क्रम में ऑपरेशन साइबर संग्राम 2.0 के तहत अरावली विहार थाना पुलिस ने CEIR पोर्टल पर दर्ज गुमशुदा मोबाइल फोन को ट्रेस करते हुए 16 मोबाइल बरामद किए, जिनकी कुल कीमत करीब 5 लाख रुपए आंकी गई है। बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए गए। पुलिस के अनुसार CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) दूरसंचार विभाग का नागरिक केंद्रित पोर्टल है, जिसके माध्यम से गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को IMEI नंबर के जरिए ब्लॉक व ट्रेस किया जा सकता है। मोबाइल गुम होने पर संबंधित व्यक्ति थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ-साथ स्वयं भी CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकता है।