अलवर शहर के खदाना मोहल्ले में बुजुर्ग दिनेशचंद अग्रवाल की हत्या और लूट के मामले में पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर गई। इस दौरान दोनों आरोपी लंगड़ाते हुए चलते दिखे। उनके कपड़े भी फटे हुए थे।पुलिस ने दोनों आरोपियो की परेड कराई। जैसे ही आरोपी मौके पर पहुंचे, उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। इस दौरान लोगों ने "अलवर पुलिस जिंदाबाद" के नारे लगाए और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। देखिए पुलिस की कार्रवाई के PHOTOS… पुलिस ने घटनास्थल पर सीन रीक्रिएट किया इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की शिनाख्त परेड कराई और घटनास्थल पर पूरी वारदात का रीक्रिएशन कराया। कोतवाली थाना प्रभारी रमेश सैनी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ कर यह जाना गया कि वे किस रास्ते से घर में घुसे, हत्या और लूट की वारदात कैसे की और बाद में किस रास्ते से फरार हुए। पुलिस इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने 9 जुलाई की रात वारदात को अंजाम दिया था। मृतक दिनेशचंद अग्रवाल घर में अकेले रहते थे। अगले दिन जब वह बेटे के घर खाना खाने नहीं पहुंचे तो परिजनों ने घर जाकर देखा,तो जहां उनका शव मिला। प्रारंभिक जांच में हत्या के बाद घर से हजारों रुपए की लूट की बात भी सामने आई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश और लूटे गए सामान की बरामदगी में जुटी हुई है।