अलवर शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में स्कीम नंबर 5 में सोमवार सुबह बिजली के खंभे में अचानक आग लग गई। जिससे आसपास रह रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गया। काफी देर तक खंभे पर लगे वायर जलते रहे। इस दौरान करंट भी आता रहा। सूचना मिलने पर कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई। इसके बाद दमकल को बुलाकर आग को बुझाया जा सका। आमजन का कहना है कि बिजलीकर्मियों की लापरवाही के कारण आग लगी। सूचना देने के बाद भी बिजलीकर्मी मौके पर नहीं आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि आमजन में बिजलीकर्मियों की उदासीनता के कारण नाराजगी है। पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है। लेकिन ध्यान नहीं देते हैं। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस बार भी हादसा टल गया। समय पर आग को बुझा लिया गया। वरना कभी भी जन हानि हो सकती है। यहां के निवासी रामेश्वर दयाल का कहना है कि खंभे पर आए दिन स्पार्किंग होती है। शिकायत भी कर चुके हैं। आसपास आवारा पशु भी घूमते हैं। कभी भी करंट की चपेट में पशु आ सकते हैं। किसी दिन तार टूटने से बड़ा हादसा भी हो सकता है। यहां तारों को दुरुस्त करने की जरूरत है।