अलवर रेलवे जंक्शन पर बुधवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे एक युवक ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंस गया। इससे उसका एक पैर कट गया। वहीं दूसरे पैर की हड्डियां टूट गईं और सिर में भी गंभीर चोटें आईं। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे जयपुर रेफर कर दिया गया है। जीआरपी थाने के हेड कॉन्स्टेबल संजय के अनुसार- करीब 25 साल का युवक प्लेटफार्म पर रेलवे लाइन के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान जयपुर-हिसार पैसेंजर ट्रेन वहां पहुंची, लेकिन युवक को ट्रेन के आने का अंदाजा नहीं लगा। वह ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंस गया। हादसे में उसके पैर अंदर फंस गए, जिससे एक पैर कट गया। वहीं दूसरे पैर की हड्डियां टूट गई। सिर में भी गंभीर चोट लगी। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है। जयपुर रेफर किया घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद यात्रियों की मदद से युवक को निकाला गया। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन वह बोलने की स्थिति में नहीं था। उसे तुरंत अलवर के जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया। युवक के पास कोई पहचान पत्र या सामान नहीं मिला। पुलिस उसकी पहचान के प्रयास में जुटी है और हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।