अलवर में राजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के राजपुरबड़ा गांव में सरपंच चुनाव की वोटों की गिनती के बाद उपजा विरोध शनिवार सुबह तक बना हुआ है। पुलिस ने समझाइश की, इस दौरान कुछ महिला सहित कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव में DSP देशराज कुलदीप सहित 4 पुलिसकर्मी चोटिल हुए हैं। एक एएसआई का सिर फूट गया। इसके बाद पुलिस ने 6 जनों को डिटेन किया है। पथराव करने वाले कुछ अन्य लोगों को डिटेन करने की तैयारी है। सरपंच पद के प्रत्याशी रहे महेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को राजपुरबड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव की पोलिंग खत्म हुई। उस समय करीब 4019 वोट डलना बताया गया था। काउंटिंग के बाद हमें 3700 वोट ही गिनाए गए, जिसका हारे प्रत्याशियों ने विरोध किया। किसी ने भी सुनवाई नहीं की और सरपंच घोषित कर दिया, जिसको लेकर पूरी रात विरोध किया गया। शनिवार सुबह पुलिस और गांव के लोगों के बीच बातचीत चल रही थी। गांव वालों की बात नहीं मानी जाने पर कुछ महिलाओं ने पथराव कर दिया। जिससे डीएसपी सहित 4 पुलिसकर्मियों को चोट आई है। अलवर एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि शांतपूर्ण बातचीत करते समय कुछ महिलाओं ने पत्थर फेंके हैं। जिसके कारण पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई है। इसके बाद 6 जनों को डिटेन कर लिया है। बाकी पुलिस तलाश कर रही है।