अलवर में बहरोड सड़क मार्ग पर हो रहे गड्ढों को लेकर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जाम लगा दिया। प्रदर्शन के दौरान इधर से केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव भी गुजर रहे थे, तब कांग्रेसियों ने उनकी गाड़ी को रुकवा लिया। कांग्रेस नेता दीनबंधु शर्मा समेत कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री से रोड दुरुस्त करवाने की मांग की। विरोध प्रदर्शन के दौरान दो थानों की पुलिस भी मौजूद रही। कांग्रेसियों ने नारेबाजी करते हुए रोड पर कुछ देर के लिए जाम लगा दिया और दो कार्यकर्ता मंत्रियों के मुखौटे पहनकर सड़क पर ही बैठ गए। हालांकि, पुलिस ने कुछ देर बाद ही जाम खुलवा दिया। बालक बोला- रोड के गड्ढों में मेरे दादाजी भी गिर गए सड़क की इस दुर्दशा का दर्द सिर्फ नेताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय लोग और बच्चे भी इससे त्रस्त हैं। प्रदर्शन के दौरान मौजूद 8 साल के बालक ने बताया कि इस सड़क के गड्ढों के कारण मेरे दादाजी भी गिरकर चोटिल हो गए थे। यहां आए दिन लोग अपनी गाड़ियों से गिरते रहते हैं। कलेक्टर को दिखाई नहीं देते गड्ढे बुजुर्ग महिला ने प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इस सड़क से जिले के कलेक्टर और तमाम बड़े अफसर रोज गुजरते हैं। सबको यह गड्ढे दिखते हैं, लेकिन कोई इसे सही कराने की जहमत नहीं उठा रहा। सड़क के पास ही केंद्रीय मंत्री का आवास भी स्थानीय निवासी दीनबंधु ने बताया कि सरकार और प्रशासन पूरी तरह से बेसुध बैठा है। केंद्रीय मंत्री का आवास भी पास में ही है, लेकिन स्थिति जस की तस है। यह सड़क पिछले 3 महीने से पूरी तरह टूटी पड़ी है। करीब 1 साल पहले ही इस नई सड़क का निर्माण हुआ था। इसके बाद प्रशासन ने बीच में डिवाइडर बनाने का काम शुरू किया, लेकिन डिवाइडर तो बना दिया और खुदी हुई सड़क को वैसे ही छोड़ दिया।