आईजी राहुल प्रकाश आज अलवर पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और साइबर अपराध जैसे मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सड़क हादसों को कम करने के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उन्हें गूगल मैप से जोड़ने की तैयारी की जा रही है, ताकि वाहन चालकों को पहले से ही दुर्घटना संभावित स्थानों की जानकारी मिल सके। उन्होंंने कहा कि जनता को अलर्ट करने के लिए पहले क्यूआर कोड जारी किया गया था। अब जल्द ही ये ब्लैक स्पॉट गूगल मैप पर भी दिखेंगे। इससे आमजन को पहले से अलर्ट मिल सकेगा। और सड़क दुर्घटना में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि पिछले आठ महीने में किए गए प्रयासों के कारण सड़क हादसों में कमी आई है और करीब 40 लोगों की जान बचाई जा सकी है। सड़क हादसे रोकने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। आईजी राहुल प्रकश ने कहा कि एसपी दौसा व अलवर दोनों एनएचएआई के संपर्क में हैं। मोबाइल के जरिए पुलिस का जाब्ता लगाकर यातायात अनुशासन बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही सड़क ढांचे में भी लगातार सुधार किए जा रहे हैं। आईजी ने बताया कि अलवर व भिवाड़ी में हेड कॉन्स्टेबल से एसआई के प्रमोशन के लिए आउटडोर व इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी कर ली है। क्राइम पर जिले के अधिकारियों से चर्चा की है। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर भी प्रशासन और पुलिस तैयारियों में जुटे हुए हैं। आईजी ने बताया कि एसपी और प्रशासनिक अधिकारियों ने कई स्थानों का निरीक्षण किया है और पूर्व के कार्यक्रमों के अनुभव के आधार पर तैयारियां की जा रही हैं। पुलिस पर हमला करने के मामले में आधा दर्जन गिरफ्तारियां गोविंदगढ़ में पुलिस पर हुए हमले की घटना को लेकर बताया कि आधा दर्जन आरोपियों की गंभीर धाराओं में गिरफ्तारी हो चुकी है। कोशिश है कि जमानत भी जल्दी नहीं हो। वहां के जनप्रतिनिधियों से भी बातचीत की जा रही है। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं नहीं हो। साइबर अपराध को लेकर आईजी ने कहा कि अलवर और मेवात क्षेत्र में साइबर क्राइम रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने म्यूल अकाउंट्स का भी खुलासा किया है।