अलवर में सोमवार सुबह हनुमान चौराहे के पास एक तेज रफ्तार थार कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल को संभाला और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। थार ड्राइवर भी मौके से फरार हो गया। युवक फार्म ट्रेक कंपनी में काम करता था और बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। हेड कांस्टेबल राजाराम ने बताया कि हादसे में सामौला गांव के रहने वाले लच्छी (58) की मौत हो गई है। वह फार्म ट्रेक कंपनी में काम पर जा रहे थे। पुलिस को हादसे की सूचना सुबह करीब साढ़े 9 बजे मिली, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, हादसे के बाद थार कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि लच्छी के पांच बच्चे हैं और वह परिवार का मुख्य सहारा था। इस हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।