अलवर में बहादुर नगरपालिका और किथूर ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर एक की वोटर लिस्ट में 27 लोगों के नाम समान होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की ओर से चेयरमैन प्रत्याशी रहे अजीत गुर्जर ने कलेक्टर को शिकायत कर वोट चोरी का आरोप लगाया है। अजीत गुर्जर ने शिकायत के साथ दोनों जगहों की वोटर लिस्ट भी भेजी है। आरोप है कि 27 लोगों के नाम और उनके पिता के नाम सहित अन्य विवरण दोनों सूचियों में समान है। नगर पालिका के साथ ग्राम पंचायत की वोटर लिस्ट में भी नाम अजीत गुर्जर का कहना है कि जिन लोगों के नाम बहादुर नगर पालिका के वार्ड नंबर एक की वोटर लिस्ट में दर्ज हैं, उनके नाम किथूर ग्राम पंचायत की वोटर लिस्ट में भी शामिल हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब ये लोग नगर पालिका चुनाव में मतदान कर चुके हैं, तो इनके नाम ग्राम पंचायत की वोटर लिस्ट में क्यों दर्ज हैं। गुर्जर बोले- इसी तरीके से हो रही वोटों की चोरी उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह वोटों की चोरी की जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि नगर पालिका चुनाव में मतदान कर चुके लोगों के नाम ग्राम पंचायत की वोटर लिस्ट में होने से सरपंच चुनाव के परिणाम प्रभावित हो सकते हैं। उनका कहना है कि एक ही व्यक्ति का नाम दो अलग-अलग चुनाव क्षेत्रों की मतदाता सूची में दर्ज होने के मामले की जांच होनी चाहिए। कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे चुनाव का विरोध अजीत गुर्जर ने कहा कि यदि प्रशासन उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं करता है, तो वे चुनाव का विरोध करेंगे। उन्होंने आशंका जताई कि इन नामों के आधार पर गलत तरीके से मतदान कराया जा सकता है और कोई प्रत्याशी इसका फायदा उठाकर सरपंच बन सकता है। फिलहाल बहादुर नगर पालिका के वार्ड नंबर एक की वोटर लिस्ट की जांच के दौरान 27 ऐसे नाम सामने आने का दावा किया गया है। अजीत गुर्जर का कहना है कि अन्य वार्डों की मतदाता सूची की जांच करने पर और भी ऐसे नाम सामने आ सकते हैं। अब इस मामले में प्रशासन की जांच और कार्रवाई पर नजर रहेगी।