अलवर शहर के स्कीम नंबर 8 स्थित सोनावा डूंगरी के नीचे बने पानी के टैंक का पाइप बुधवार सुबह अचानक फट गया। पाइप फटने से टंकी में भरा करीब 10 लाख लीटर पानी बह गया, जिसके चलते आस-पास के कई इलाकों में पानी की सप्लाई पूरी तरह रुक गई है। स्थानीय पंप ड्राइवर राहुल सैनी ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे टंकी का पाइप बीच से टूट गया, जिससे पानी तेज फव्वारों की तरह बाहर निकलने लगा और कुछ ही देर में पूरा पानी बह गया। आस-पास के लोगों की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे। तब तक टंकी खाली हो चुकी थी। इसके बाद विभाग के एईएन को मौके पर बुलाया गया, जो मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करेंगे। बताया जा रहा है कि यह टंकी करीब 20 साल पुरानी है। इसी से स्कीम नंबर 8, निचला सोनावा, उपला सोनावा समेत कई इलाकों में पानी की सप्लाई होती है। पाइप फटने के कारण इन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति फिलहाल बंद हो गई है। विभाग के अनुसार- पाइप की मरम्मत और टंकी की गुणवत्ता जांच में कुछ दिन का समय लग सकता है। ऐसे में संबंधित इलाकों के लोगों को अगले कुछ दिनों तक पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही सप्लाई दोबारा शुरू की जाएगी।