अलवर जिले के कई हिस्सों में आज सुबह 5 बजे से हल्की रिमझिम बारिश हुई, जिससे गर्मी से राहत मिली। दोपहर में मौसम फिर बदला और तेज हवाओं के साथ शहर व जिले के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने 3 मई से 6 मई तक बादल छाए रहने का अलर्ट जारी किया है। पिछले दो दिनों से अलवर में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। कभी आसमान में बादल छा जाते हैं तो कुछ देर बाद तेज धूप निकल आती है, जिससे मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। बुधवार को भी जिले के कई क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई थी, जिसने तापमान को नीचे लाने में अहम भूमिका निभाई। मौसम विभाग ने आने वाले 6 दिन का किया अलर्ट जारी मौसम विभाग के अनुसार- आने वाले दिनों में भी ऐसा ही मिला-जुला मौसम बना रहेगा। गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार तक जिले में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ बारिश, गरज-चमक और धूलभरी आंधी की संभावना जताई गई है। वहीं 3 मई से 6 मई के बीच भी मौसम पूरी तरह साफ रहने के आसार नहीं हैं। इस दौरान आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना बनी रहेगी। 3 दिन में तापमान में 4.6 डिग्री तक गिरावट तापमान में भी इस बदलाव का असर साफ देखा गया है। तीन दिन पहले तक अलवर में अधिकतम तापमान करीब 42.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे भीषण गर्मी का असर महसूस किया जा रहा था। लगातार बारिश और बादलों की आवाजाही के चलते गुरुवार को अधिकतम तापमान घटकर करीब 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानी महज तीन दिनों में लगभग 4.6 डिग्री की गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है।