अलवर में 4 दिन से लगातार धूप के बाद बादल छाए और जगह-जगह छितराई बारिश हुई। जिले में मंगलवार सुबह से बादल छाए रहे। वहीं दोपहर बाद शहर समेत जिले के कई इलाकों में कहीं अच्छी तो कहीं हल्की बारिश शुरू हुई। कुछ देर बारिश के बाद शहर में चारों तरफ बादल बरकरार हैं। मौसम विभाग के अनुसार- मंगलवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने तथा एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह के समय हवा में नमी करीब 80 प्रतिशत और शाम तक 75 प्रतिशत रहने की संभावना है। इससे बारिश से पहले उमस बनी रह सकती है। हालांकि विभाग ने फिलहाल जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। देखें बारिश के PHOTOS… अब जानें पूरे सप्ताह कैसा रहेगा मौसम? मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। 29 जुलाई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री, 30 जुलाई को 33 डिग्री, 31 जुलाई और 1 अगस्त को 32 डिग्री तथा 2 अगस्त को 35 डिग्री रहने का अनुमान है। इस दौरान बीच-बीच में बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना जताई गई है। बारिश की कमी से बांधों में नहीं आया पानी इधर, इस बार मानसून में सामान्य से कम बारिश होने का असर जिले के जल स्रोतों पर भी दिखाई दे रहा है। जिले के कई छोटे-बड़े बांधों और जलाशयों में अभी तक पर्याप्त पानी की आवक नहीं हुई है। कई बांध लगभग खाली पड़े हैं, जिससे वहां हर साल बारिश के मौसम में दिखाई देने वाली रौनक अब तक नहीं लौट सकी है। जलभराव कम होने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों में भी निराशा है। अब लोगों की निगाहें आने वाले दिनों की बारिश पर टिकी हैं, ताकि बांधों में पानी की आवक बढ़े और जिले को गर्मी व जल संकट से राहत मिल सके।