अलवर जिले में बुधवार सुबह कुछ देर धूप निकलने के बाद फिर आसमान में बादल छा गए। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मंगलवार को हुई बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे से 3:15 बजे तक शहर में अच्छी बारिश हुई। जिले के कई अन्य इलाकों में भी बारिश दर्ज की गई। शहर में 18 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि भवानी तोप में 13 एमएम, राजगढ़ में 16 एमएम, जयसमंद में 12 एमएम, सिलीसेढ़ में 13 एमएम और नौगांव में 5 एमएम बरसात हुई। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। फिलहाल जिले के लिए कोई मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी का दौर जारी रहने की संभावना है। बारिश के चलते सागर में भी पानी की आवक शुरू हो गई है, जिससे जल स्रोतों को राहत मिली है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसूनी गतिविधियां सक्रिय बनी हुई हैं, ऐसे में आने वाले दिनों में भी जिले के विभिन्न हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। इससे किसानों के साथ-साथ आमजन को भी राहत मिलने की उम्मीद है।