अलवर में शुक्रवार सुबह 5 बजे से ही शहर और आसपास के इलाकों में बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। पारा 5 डिग्री तक लुढ़क गया। सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश से ठंडक बढ़ गई। लगातार दूसरे दिन सूरज नहीं निकल पाया। बादलों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। बारिश के कारण सड़कों पर आम दिनों के मुकाबले लोगों की आवाजाही भी कम नजर आ रही है। जरूरी काम से घरों से निकलने वाले लोग छाता लेकर और गर्म कपड़े पहनकर बाहर जा रहे हैं। बारिश के कारण 5 डिग्री तापमान में गिरावट दरअसल, गुरुवार सुबह से ही जिले में मौसम बदल गया था। आसमान में दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। पूरे दिन धूप नहीं निकलने के कारण अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री था, जो गुरुवार को घटकर 26 से 27 डिग्री के आसपास पहुंच गया। शुक्रवार को भी बारिश के चलते ठंड का असर बना हुआ है। सुबह 9 बजे तक तापमान करीब 21 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना मौसम विभाग ने शनिवार को भी बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने के आसार हैं।