झालावाड़ जिले के खंडिया क्षेत्र स्थित अंबेडकर कॉलोनी में कम वोल्टेज की समस्या से परेशान निवासियों ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। भीषण गर्मी के बीच बिजली के कम वोल्टेज के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनी वासियों के अनुसार पिछले कई दिनों से बिजली का वोल्टेज इतना कम आ रहा है कि पंखे और अन्य घरेलू उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। स्थानीय निवासी रमेश, महेश और आशीष ने बताया कि इस वजह से दिन और रात दोनों समय गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। महेंद्र नामक एक अन्य निवासी ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं और कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग मोहल्ले में एकत्रित हुए और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने जल्द से जल्द कम वोल्टेज की समस्या का समाधान करने की मांग की। कॉलोनी वासियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। विरोध प्रदर्शन में घनश्याम रेगर, महेंद्र रेगर, कमल कोहली, पहलाद रेगर, मनीष बैरागी, जगदीश लोधा, मनीष रेगर, भरत लोधा, गायत्रीदेवी, किरणलता, मंजू रेगर, संजू गुर्जर, कमलाबाई, सुनीता बाई, शांति बाई, ज्योति रेगर सहित कई लोग शामिल रहे।