भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर आज उदयपुर शहर में कई कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। शहर में दो अलग-अलग रूट से रैलियां निकली, जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। रैलियों में बाबा साहब के जीवन से जुड़ी झांकियां शामिल थी। युवा वाहनों पर चल रहे थे। साउंड सिस्टम के जरिए देशभक्ति गीतों के साथ जोश और उत्साह दिखाई दे रहा था। बाबा साहब अमर रहे के नारे लगाए अलग-अलग दिशाओं से रैली में डीजे व गाजे बाजे के साथ बाबा साहब अमर रहे के नारे लगाते हुए लोग चल रहे थे। रैली में गवरी नृत्य, वाद्य यंत्र, झांकियां, बैंड और पांच घोड़ों के साथ बाबा साहब की प्रतिमा रथ में थी। भीमराव जयंती समारोह समिति, भीम आर्मी व अन्य संगठन के बैनर तले ये रैलियां निकली। एक रैली सुबह कोर्ट सर्कल से शुरू हुई। रैली देहलीगेट, टाउनहॉल, सूरजपोल, बापू बाजार, अश्विनी बाजार, हाथीपोल और चेतक सर्किल होते हुए कोर्ट चौराहा पहुंची। इस दौरान यहां पर सभी वाहनों का प्रवेश बंद किया गया। बाबा साहब के कामों को याद किया शहर में एक अन्य रैली रेती स्टैंड के भीलूराणा सर्किल से निकली। ये रैली पारस तिराहा, पटेल सर्किल, उदियापोल, सूरजपोल, बापू बाजार, देहलीगेट, अश्विनी बाजार, हाथीपोल, चेतक सर्किल होते हुए कोर्ट सर्किल पहुंची। इस दौरान हुए कार्यक्रम में प्रमुखजनों ने संबोधित किया और बाबा साहेब के देश के लिए किए गए कार्यों को याद किया। समारोह में 356 प्रतिभाशाली एससी-एसटी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। सविंधान की शपथ ली कोर्ट चौराहा पर हुए कार्यक्रम में जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, एडीएम दीपेंद्र सिंह राठौड़, सीईओ विरमा राम, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर सहित अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूल, छात्रावास के विद्यार्थियों ने बाबा साहेब को नमन किया। कलेक्टर सहित सभी अधिकारियों और बच्चों ने संविधान की शपथ ली। राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती पर कलेक्ट्रेट स्थित डीओआईटी सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ। संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी, जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल की उपस्थिति में हुए कार्यक्रम में जयपुर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया। कन्या छात्रावास का हुआ लोकार्पण राज्य स्तरीय समारोह में उदयपुर में 280 लाख की लागत से नव निर्मित ईब्ल्यूएस कन्या छात्रावास का भी लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, संयुक्त निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग गिरीश भटनागर सहित विभागीय अधिकारी, आमजन उपस्थित रहे। ढ़ीकली में कार्यक्रम बाबा रामदेव मेघवाल समाज सेवा समिति ढ़ीकली के तत्वाधान में नेशनल हाईवे 27 पर स्थित बाबा रामदेव मंदिर परिसर में अम्बेडकर जयंती मनाई गई। कार्यक्रम संयोजक एवं उपाध्यक्ष लक्ष्मण मेघवाल ने बताया की कार्यक्रम में जुना जरगा ट्रस्ट अध्यक्ष किशनलाल मेघवाल, समिति अध्यक्ष शंकर लाल मेघवाल, सचिव बाबूलाल मेघवाल,अखिल भारतीय डाक अनुसूचित जाति जनजाति कर्मचारी कल्याण संघ मंडल सचिव मोहन मेघवाल, घणोली अध्यक्ष बाबूलाल मेघवाल मौजूद रहे। इस दौरान बाबा साहेब के जीवन पर वक्ताओं ने प्रकाश डाला। डॉ. अनुष्का विधि महाविद्यालय प्रांगण में आज भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। महाविद्यालय के संस्थापक डॉ एस एस सुराणा ने स्वागत किया। मुख्य वक्ता शिक्षाविद निपुण आलमबयान ने डॉ. अंबेडकर द्वारा निर्मित भारतीय संविधान के महत्व एवं उसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्रीय प्रभारी सतीश आचार्य ने अपनी बात रखी। कार्यक्रम के अंतर्गत जिज्ञासा प्रश्न एवं प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रुप सचिव राजीव सुराणा ने आभार जताया।