भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से वर्चुअल रूप से जुड़ा रहा। इस दौरान सांसद मुरारीलाल मीणा ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज में व्याप्त सामाजिक एवं आर्थिक असमानता और छुआछूत को समाप्त करने के लिए कई कार्य किए। उन्होंने सभी को शिक्षित बनने, आगे बढ़ने और समाज में समानता का भाव स्थापित करने का संदेश दिया। कलेक्टर ने संविधान की शपथ दिलाई कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई। एडीएम अरविंद शर्मा ने संविधान की प्रस्तावना पढ़ी। इस दौरान महवा विधायक राजेन्द्र मीणा, दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा, जिला परिषद सदस्य नीलम गुर्जर और कमला केशरा ने भी विचार व्यक्त किए। उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित समारोह के दौरान जिला स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के उत्थान और जरूरतमंदों के पुनर्वास में उत्कृष्ट योगदान के लिए अम्बेडकर सामाजिक सेवा पुरस्कार से हीरालाल महावर और राजेन्द्र कुमार वर्मा को सम्मानित किया गया। वहीं महिला कल्याण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए अम्बेडकर महिला कल्याण पुरस्कार से प्रिया मेहरा और द्रौपदी देवी को सम्मानित किया गया।