बांसवाड़ा जिले के बेरोजगार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें अपराध की दुनिया से दूर रचनात्मक कार्यों से जोड़ने के लिए बांसवाड़ा पुलिस ने कदम उठाया है। गुरुवार को पुलिस लाइन में पुलिस विभाग और अंबुजा फाउंडेशन में एक कौशल प्रशिक्षण कार्यशाला हुई। आत्मनिर्भर बनाने पर जोर ​पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी और डीएसपी गोपीचंद मीणा की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के युवाओं को तकनीकी रूप से काबिल बनाकर उन्हें रोजगार के नए अवसर मुहैया कराना है। एसपी सुधीर जोशी ने कहा- केवल शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है, आज के दौर में तकनीकी कौशल का होना अनिवार्य है। युवा इन अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनें। ​इनकी रही मौजूदगी ​कार्यशाला में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ ​यूथ सीएलजी सदस्य, ​पुलिस मित्र, ​सुरक्षा सखियां और ​बड़ी संख्या में स्थानीय बेरोजगार युवा शामिल हुए। ​मिलेगी तकनीकी ट्रेनिंग ​अंबुजा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कार्यशाला के दौरान युवाओं को अलग-अलग तकनीकी स्किल्स और मार्केट में उपलब्ध आजीविका के नए विकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। फाउंडेशन के सदस्यों ने बताया कि कम समय के प्रशिक्षण से युवा खुद का काम शुरू कर सकते हैं और अच्छी कंपनियों में नौकरी पा सकते हैं। पुलिस की इस पहल को कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जिससे पुलिस और जनता के बीच समन्वय तो बढ़ेगा ही, साथ ही युवाओं को सही दिशा भी मिलेगी।